रांची / सभी दलों ने सुनील अरोड़ा से पारदर्शी चुनाव कराने का किया आग्रह, एक-दूसरे पर आरोप भी लगाए

रांची. झारखंड के नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा से भयमुक्त और पारदर्शी चुनाव कराने का आग्रह किया है। बुधवार को पार्टियों के नेताओं के साथ सुनील अरोड़ा और निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बैठक की। सभी दलों ने अपनी शिकायतों के साथ-साथ केंद्र और झारखंड सरकार पर आरोप भी लगाए। जेवीएम ने कहा कि जिन उम्मीदवारों के खिलाफ केस हैं, उन्हें अखबारों और चैनलों में विज्ञापन देना है। इसमें काफी खर्च होंगे, इसलिए इस पर विचार करें। सभा-मीटिंग की अनुमति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बने।


अाजसू... सुरक्षाकर्मी पर विशेष नजर रखें


आजसू नेता राजेंद्र मेहता ने कहा कि चुनाव में सुरक्षाकर्मी विशेष दल को मदद करने लगते हैं। उन्होंने निष्पक्ष अौर भयमुक्त चुनाव के लिए सुरक्षाकर्मियों के आचरण पर नजर रखने की मांग की। भाकपा नेता अजय कुमार सिंह ने सुरक्षा बलों की तैनाती में भेदभाव नहीं करने का सुझाव दिया।
 


झामुमो... निर्णयाें से दिया जा रहा प्रलोभन


जेएमएम ने कहा कि केंद्र सरकार के कई निर्णयों का असर झारखंड पर पड़ रहा है। भारतीय वन कानून में संशोधन के प्रस्ताव को वापस लिया है। मुसाबनी में हिंदुस्तान कॉपर लि. में 47 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकाला गया है, जो प्रलोभन का सबूत है। राम मंदिर पर आए फैसले का भी भाजपा फायदा लेना चाहेगी। इस पर नजर रखी जाए।
 


कांग्रेस... सरकार के लिए काम कर रहे डीसी


कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विभिन्न जिलों के डीसी आईएएस कोड ऑफ कंडक्ट के खिलाफ सरकार के पक्ष में अभियान चला रहे हैं। लगभग सभी डीसी अपने ऑफिस के ट्विटर हैंडल से झारखंड विथ मोदी कैंपेन चला रहे हैं। जेएससीए स्टेडियम का चुनाव कार्य में उपयोग हो रहा है।


भाजपा...एनजीओ से आय-व्यय का ब्याेरा मांगें


भाजपा ने आशंका जताया कि झारखंड के सीमावर्ती जिलों में बांग्लादेशी घुसपैठिए चुनाव प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए पर्याप्त अर्द्धसैनिक बल तैनात हों। आरोप लगाया कि कई एनजीओ विदेशी फंड का दुरुपयोग कर पार्टी विशेष के पक्ष में खर्च करते हैं। एेसे एनजीओ को नोटिस जारी कर उनसे पिछले साल के आय-व्यय का लेखा मांगा जाए।